मोहालीः जिले में पॉश इलाके के साथ लगते आरएमसी पॉइंट पर आज सुबह भीषण आग लग गई। जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना लोगों द्वारा दमकल विभाग को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमों द्वारा आग पर काबू पाना शुरू कर दिया गया। आग भीषण होने के कारण दमकल विभाग के कर्मियों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब तक 16 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
हालांकि अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है। बताया जा रहा है कि धुआं अधिक होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत आ रही है। दूसरी ओर, इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता मौके पर पहुंचे, जो अब एक-दूसरे को घेर रहे हैं। पूर्व मेयर जीती सिद्धू का कहना है कि इस समस्या का हल प्रशासन को तुरंत करना चाहिए। दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता कुलजीत सिंह बेदी का कहना है कि वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, क्योंकि अभी तक फील्ड में कुछ नहीं हुआ है।
कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि उन्होंने साढ़े तीन साल पहले इस मामले को लेकर धरना दिया था। वह चाहते हैं कि इस समस्या से लोगों को छुटकारा मिले। इस मामले में वह कानूनी नोटिस दे चुके हैं। जरूरत पड़ी तो वह हाईकोर्ट भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि समगौली में जहां प्लांट लगना है, वहां तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं बन पाई है। न ही टेंडर हुआ है।
उन्होंने आशंका जताई कि रिहायशी इलाके के नजदीक होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि गमाडा ने 8 हजार करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी मोहाली में बेची है, लेकिन इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ है। वहीं पूर्व सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई जीती सिद्धू ने विधायक कुलवंत सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुनाव लड़ना है तो सबसे पहले RMC पॉइंट को बंद करवाएं।
घटना के बाद किसी को भी मुंह दिखाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह काम किसी एक व्यक्ति के बस का नहीं है। यह इलाका बहुत बड़ा है। यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इस आग से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने विधायक से कहा कि वह 50 गाड़ियां लेकर आएं और आरएमसी पॉइंट को बंद करवाएं।