मोहालीः डेराबस्सी के नजदीकी कूड़ावाल गांव में काली दाल के पूर्व सरपंच पर हमलावारों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार हमलावारों ने रॉड से हमला करके पूर्व सरपंच की दोनों टांगे तोड़ दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे दूध सप्लाई करने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान एक शिफ्ट कार में सवार होकर आए करीब 5 युवकों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़ित ने हमलावरों को अपना फोन और अन्य सामान देने की भी कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने एक नहीं सुनी।
करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार मारपीट करते हुए हमलावरों ने उनकी दोनों टांगें तोड़ दीं और मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और वह अपने दूध के कारोबार में ही लगा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की मांग करते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
