लुधियानाः जिले के ताजपुर रोड स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में ऑनलाइन ऑर्डर को लेकर मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी में रहने वाले युवक ने देर रात डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से सामान मंगवाया था। डिलीवरी ब्वॉय के पहुंचने पर ऑर्डर करने वाले युवक और डिलीवरी स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक डिलीवरी ब्वॉय से भिड़ने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी दौरान घर की छत पर खड़ा एक पड़ोसी पूरा मामला देख रहा था। जब ऑडर लेने वाले की नज़र उस पर पड़ी तो उसने छत पर खड़े युवक को गालियां देनी शुरू कर दीं। इससे मौके पर मौजूद लोग और भड़क गए।
बताया जा रहा है कि गाली-गलौज सुनकर छत पर मौजूद युवक का भाई नीचे आया और नौजवान से धक्का-मुक्की हुई। स्थानीय लोगों के दखल देने पर ऑडर लेने वाला शख्स वहां से चला गया और मामला शांत हो गया। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। आरोप है कि ऑडर लेने वाला युवक थोड़ी देर बाद दोबारा उसी कॉलोनी में लौटा और पीड़ित के घर के बाहर गोलियां चला दीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार करीब 4–5 गोलियों की आवाज़ें सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग घरों में घुस गए कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी। परिवार का कहना है कि देर रात हुई इस गोलीबारी से वे बेहद डरे हुए हैं और मामले की गंभीर जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह से मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने घर के बाहर गोलियां चलाईं इससे लगता है कि वह पहले से ही हमलावर मानसिकता का था। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना की जांच हो सके।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई है और आरोपी की पहचान करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। कॉलोनी में रहने वालों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात हुई इस गोलीबारी ने लोगों में खौफ बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि कॉलोनी में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कमजोर रहती है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
