फतेहगढ़ साहिबः गैंगस्टरों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने गैंगस्टर अर्श डल्ला गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डा. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि सरहिंद में नाकाबंदी के दौरान दोनों को काबू किया गया है। आरोपियों की पहचान साहिल और गुरकीरत सिंह निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से से 5 देसी पिस्टल 32 बोर, 5 कारतूस, एक एक्टिवा स्कूटी और 2 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एसएसपी डा. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि जांच में पता चला कि दोनों आरोपी पटियाला जेल में बंद तेजबीर सिंह उर्फ साबू के माध्यम से गैंगस्टर अर्श डल्ला के लिए काम कर रहे थे। साबू हत्या और अवैध हथियारों के मामलों में जेल में बंद है। आरोपी साहिल और तेजबीर सिंह अमृतसर के मोहल्ला शरीफपूरा के रहने वाले हैं और पुराने दोस्त हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरकीरत सिंह मई 2024 में मलेशिया से लौटा था, जहां वह एक साल तक मलेशिया में रहा। तेजबीर सिंह ने इन दोनों को अमृतसर में एक हत्या और अन्य बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए हथियार मुहैया कराए थे। पुलिस की समयबद्ध कार्रवाई से बड़ी घटना को टाला जा सका। फिलहाल तेजबीर सिंह को जेल से बाहर लाकर पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी अहम खुलासे की उम्मीद है।