रिपोर्ट बदलने के बदले मांगे थे 25 लाख
अमृतसरः जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत छेहरटा इलाके में एक व्यक्ति को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। हैरानी की बात यह है कि काबू किया गया व्यक्ति थाना छेहरटा के एसएचओ के नाम पर यह डील कर रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ललित अरोड़ा, निवासी छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है।
विजिलेंस ब्यूरो ने जाल बिछाकर 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में अरोड़ा को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। प्रवक्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता के अनुसार, थाना छेहरटा के एसएचओ और उनकी टीम ने उस पर और उसके चचेरे भाई पर नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाया था। पुलिस ने उनकी एक कार भी जब्त कर ली थी, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ बरामद किया गया था।
बाद में शिकायतकर्ता से एसएचओ के परिचित ललित अरोड़ा ने संपर्क किया और आरोपों को नकारात्मक रिपोर्ट में बदलने के बदले 25 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने पूरी राशि देने में असमर्थता जताई और बताया कि वह फिलहाल केवल 5 लाख रुपए का ही इंतजाम कर सकता है। इस पर अरोड़ा ने यह राशि पहली किस्त के रूप में लेने के लिए हामी भर दी। विजिलेंस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे शनिवार यानी आज अदालत में पेश किया जाएगा।
