मोहाली। शहर में नए साल के पहले दिन जुझार नगर निवासी एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। युवक अपने भाई के झगड़े को सुलझाने मौके पर पहुंचा था, लेकिन विवाद के दौरान उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया।जानकारी के अनुसार जुझार नगर निवासी मृतक युवक मुकेश के भाई मोहित का कुछ समय पहले कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। वीरवार को मोहित अपने जीजा बलवीर से मिलने गया था, जहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मोहित और उन युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते तनाव में बदल गई।
वहीं, थाना बलौंगी के एसएचओ इंस्पेक्टर पेरिविंकल ने बताया कि, मुकेश नामक युवक की हत्या हुई है। आरोपियों का सुराग जुटाया जा रहा है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
झगड़े की सूचना मिलने पर मुकेश मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समझौते के दौरान बहस अचानक तेज हो गई। इसी बीच एक आरोपी ने गुस्से में आकर मुकेश के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।