होशियारपुरः टांडा-होशियारपुर सड़क पर रामपुर चंदेड़ गांव के मोड़ के पास एक अज्ञात कार चालक की टक्कर से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक बच्ची की पहचान गुरकीरत कौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने गुरकीरत कौर के पिता अमृतपाल सिंह के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमृतपाल ने बताया कि वह बच्चों के साथ कंदाला जट्टा में किसी काम के सिलसिले में गया था। इस दौरान वापिस के दौरान जब वह सड़क पार करने लगा तो सड़क किनारे खड़ी गुरकीरत कौर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
इस घटना में बच्ची सड़क पर गिर गई। पिता ने कहा कि वह बेटी को देखने लग गए और कार चालक मौके से फरार हो गया। जिसके बाद वह घायल बेटी को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।