अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आइस ड्रग्स और हथियार बरामद किए है। पुलिस ने खुफ़िया जानकारी पर आधारित कार्रवाई करते हुए सीमा पार शस्त्र और नशा तस्करी से नेटवर्क के खिलाफ यह कार्रवाई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 आरोपियों के कब्जे से 523 ग्राम आइस ड्रग (मेथैमफेटामिन) और 2 आधुनिक ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना गेट हकीमा में दर्ज एफआईआर नंबर 32 दिनांक 22 जनवरी 2026 के तहत गश्त और तलाशी के दौरान सतनाम सिंह उर्फ बिंदी को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास बड़ी मात्रा में आइस ड्रग और अवैध हथियार बरामद हुए। पूछताछ में सतनाम सिंह ने खुलासा किया कि वह यह नशा रमन, चिराग, ऋषभ और वैभव को सप्लाई करता था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि सतनाम सिंह सीधे ऑस्ट्रेलिया स्थित एक हैंडलर ‘ढिल्लो’ के साथ सिग्नल एप के जरिए संपर्क में था।
यह हैंडलर पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से आइस ड्रग और हथियार भेजता था और प्राप्तकर्ताओं की पहचान केवल कपड़ों या निशानों के जरिए करवाई जाती थी ताकि सप्लायर और लेने वाला एक-दूसरे को न पहचान सकें। पुलिस ने बताया कि आइस ड्रग की कीमत हेरोइन की तुलना में लगभग 5 गुना अधिक होती है, जो समाज के लिए गंभीर खतरा है। मामले की और गहन जांच जारी है।
