खरड़: जन्माष्टमी पर ड्यूटी खत्म करके आ रहे एक पुलिस कर्मचारी के साथ कार सवार तीन युवकों ने मारपीट की। युवकों ने उसके दोस्त पर भी हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। सरकारी अस्पताल खरड़ में उपचाराधीन पुलिस चौकी सन्नीं एनक्लेव में तैनात पुलिस कर्मचारी हरमिलाप सिंह ने बताया कि वह जन्माष्टमी के त्योहार के कारण ड्यूटी पर था। ड्यूटी पूरी करके वह सन्नी एनक्लेव में अपने दोस्त के रेस्टोरेंट में खाना खाने के दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से वापस आ रहा था। उस दिन बारिश होने के कारण सड़कों पर पानी जमा हुआ था।
इसी दौरान उनके पास एक कार बड़ी तेज रफ्तार से निकली। उसे उन्होंने धीरे चलने का इशारा किया। इस पर कार सवार तीन युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इस पर उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल मोड़ कर कार सवारों को रोका। कारसवार युवकों ने उतरते ही उसके साथ गली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई भी शुरू कर दी। जब मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा उसका दोस्त गुरप्रीत सिंह उसे छुड़ाने लगा तो हमलावरों ने उसके सिर पर किसी चीज से वार कर दिया। इससे वह खून से लथपथ हो गया और उसकी वर्दी भी खून से खराब हो गई। इसी दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को काबू कर लिया, जबकि दो युवक कार समेत मौके से फरार हो गए।
हरमिलाप सिंह न बताया कि उसने इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी सन्नीं एनक्लेव को दी और काबू किए गए युवक को पुलिस चौकी सन्नी एनक्लेव के ड्यूटी अफसर के हवाले कर दिया। इसके बाद वह खुद के इलाज के लिए सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचे। उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह जब उन युवकों के संंबंध में चौकी से जानकारी मांगी तो पता लगा कि काबू किए गए युवक को रात को ही छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार पुलिस कर्मचारी के साथ हाथापाई करके घायल करने वाले को छोड़ देना पुलिस कर्मचारियों के हौसले को पस्त करने वाली बात है।
वह इस मामले को उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाएंगे और मांग करेंगे कि हमलावर युवकों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाए। इस सबंध में, जब पुलिस चौकी सन्नीं एनक्लेव के इंचार्ज एसआई चरण सिंह रामेवाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि रात में बारिश के कारण भरे पानी की छींटे पड़ जाने के कारण कुछ गलत फहमी हो गई थी। जिस कारण यह सब कुछ हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया गया है।
