अमृतसरः पुलिस लूटपाट और चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 बाइक और 4 एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (तरनतारन के गांव पूहला निवासी) और गुरिंदर सिंह (अमृतसर के मालूवाल गांव निवासी) के रूप में हुई है।
17 जनवरी को सिविल लाइन्स थाना पुलिस को पहली सफलता तब मिली, जब ग्रीन एवेन्यू मोड़ पर गाड़ियों की जांच के दौरान हरप्रीत सिंह को बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी गुरिंदर सिंह का नाम बताया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एसीपी उत्तर अरविंद मीना की देखरेख में सिविल लाइन्स थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह और एएसआई लखविंदर पाल की टीम ने अंजाम दी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शहर के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करते थे। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
