अमृतसरः पंजाब में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती नजर आ रही है। आए दिन लूटपाट और हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला अमृतसर से सामने आया है, जहां सुबह-सुबह व्यक्ति का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया। घटना अमृतसर के गवाल मंडी इलाके की है, जहां एक दरगाह के सेवादार की अज्ञात व्यक्तियों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए मृतक सेवादार के परिजनों ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति के साथ सेवादार की रंजिश चलती लग रही थी और लगातार उक्त व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थी।
मृतक के बच्चे ने कहा कि आज उनके पिता की मौत के बाद उन्हें शक है कि उसी शख्स ने उनकी हत्या की है और इसके साथ ही मृतक सेवादार के परिजनों ने पुलिस से न्याय की मांग की है। वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुबह गोवल मंडी दरगाह में सेवादार की हत्या का मामला सामने आया है। जिस संबंध में वह मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और परिवारिक मैंबरों के बयान दर्ज किए जा रहे है। इस दौरान पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।