बच्ची के मां-बाप ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत, इंसाफ की मांग की
मोहालीः डेराबस्सी के मोहल्ला लोहारा में 10 वर्षीय एक मासूम बच्ची की चप्पल के साथ बेरहमी पिटाई करते एक व्यक्ति का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसके बाद लोगों में रोष पाया जा रहा है। वहीं बच्ची के पिता ने वीडियो समेत पिटाई करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बच्ची के पिता दामोदरदास ने बताया कि मोहल्ले में किराए के एक मकान में रहता है। उसकी 10 वर्षीय बच्ची सोनाक्षी है। वह ड्यूटी पर थे, जबकि पत्नी पड़ोसियों के यहां गई हुई थी। बच्ची ने उसे बताया कि गली से गुजरते हुए साइकिल पर जा रहे उक्त व्यक्ति पर किसी बच्चे ने पत्थर मारा। यह पत्थर व्यक्ति की साइकिल पर लगा। इस पर व्यक्ति ने साइकिल रोक ली तो बच्चे डरकर किराए वाले मकान में चले गए। वहां व्यक्ति पूछताछ करता हुआ आ पहुंचा। कुछ बच्चों ने उसकी बेटी का नाम ले दिया, जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने बेटी को बालों से घसीट कर चप्पल से पीट डाला। उन्होंने इस बारे में डेराबस्सी पुलिस को शिकायत दे दी है। डेराबस्सी थाना प्रभारी मनदीप ने बताया कि वीडियो देख ली है और एएसआई पालचंद को मामले की पड़ताल सौंप दी है। इस बारे में बनती कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।