गुरदासपुरः बस स्टैंड दीनानगर के ठेके में लूट का मामला सामने आया है। जहां दो युवक पिस्तौल के बल शराब के ठेके से 5500 रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए दीपक कुमार पुत्र गहना राम निवासी हरदोछन्नी रोड गुरदासपुर ने बताया कि वह बस स्टैंड के पास शराब के ठेके पर बतौर सेल्जमैन काम करता है। उसके साथ राकेश कुमार भी ठेके पर काम करता है। वह रात करीब 11.05 बजे वह ठेका बंद करने लगा तो दो युवक पैदल आए। दोनों ने चेहरे कपड़े के साथ ढके हुए थे। इस दौरान दोनों ठेके की लोहे की ग्रिल के पास दरवाजे पर आकर खड़े हो गए।
जिसके बाद लुटेरों में से एक ने पिस्तौल निकाल लिया और उन्हें ठेके की अंदर से कुंडी खोलने के लिए कहा। उसने डर के कारण अंदर से गेट खोल दिया। इस दौरान दोनों आरोपी ठेके में घुसे और गल्ले में पड़ी 5500 रुपए की नकदी निकालकर फरार हो गए। मामले के जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।