चंडीगढ़ः पंजाब के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य में अब तक 583 आम आदमी क्लिनिक स्थापित किए हैं और जल्द ही 75 और आम आदमी क्लिनिक स्थापित किए जाएंगे। पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने आम आदमी क्लीनिकों की प्रगति की समीक्षा के लिए सभी उपायुक्तों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य राज्य सरकार की प्राथमिकता है और सरकार ने ‘आम आदमी क्लिनिक’ के रूप में राज्यवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना शुरू कर दिया है। आज की बैठक में मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को निर्माणाधीन 75 आम आदमी क्लीनिक का काम अगले 10 दिनों में पूरा करने को कहा।
अनुराग वर्मा ने डिप्टी कमीशनर को हर महीने अपने जिले में 10 प्रतिशत आम आदमी क्लीनिकों का व्यक्तिगत रूप से दौरा करने और एसडीएम को अपने संबंधित उपमंडलों में सभी क्लीनिकों का दौरा करने का निर्देश दिया। वे मरीजों से जमीनी हकीकत, दवाओं की उपलब्धता और डाइगनोसटिक सेवाओं का फीडबैक लें। इसके अलावा इलाज करा चुके मरीजों से यह पता लगाएं कि वे सेवाओं से संतुष्ट हैं या नहीं। इस संबंध में वे मुख्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भेजें। मुख्य सचिव ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक में मरीजों को 80 तरह की दवाएं और 41 लैब टेस्ट मुफ्त उपलब्ध कराये जाते हैं। प्रत्येक आम आदमी क्लिनिक में एक चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, क्लिनिक सहायक (बहुउद्देशीय महिला कार्यकर्ता) और हेल्पर सह स्वीपर तैनात हैं।