फाजिल्काः फाजिल्का में फिरोजपुर हाईवे पर गांव झुग्गे लाल सिंह के पास एक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार पूर्व सरपंच की मौत हो गई है और सरपंच व पंच गंभीर रुप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गांव मुहार जमशेर के पूर्व सरपंच, मौजूदा सरपंच व एक पंच दो बाइकों पर सवार होकर अमीरखास पुलिस चौकी जा रहे थे कि गांव झुग्गे लाल सिंह के नजदीक एक ट्राले ने टक्कर मार दी। गांव मुहार जमशेर के पूर्व पंच सुरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह गांव के पूर्व सरपंच हरबंस सिंह और मौजूदा सरपंच हंसा सिंह के साथ वह दो बाइक पर सवार होकर अमीरखास पुलिस चौकी जा रहे थे।
जहां किसी के मामले को लेकर बुलाई पंचायत के लिए उन्हें बुलाया गया था कि रास्ते में गांव झुग्गे लाल सिंह के नजदीक ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार पूर्व सरपंच हरबंस सिंह ट्राले के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ बैठे मौजूदा सरपंच हंसा सिंह और वह घायल हो गए। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है l पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।