जालंधर/वरुण: पंजाब की भगवंत मान सरकार के सत्ता में आने के बाद 37 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, लेकिन अब इसके साथ ही सरकार ने 830 पद भी खत्म कर दिए हैं, जिस पर सियासत गरमा गई है। पंजाब सरकार ने 830 पदों को खत्म करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके चलते अब इन 830 पदों पर कोई भर्ती या तैनाती नहीं की जाएगी। खास बात यह है कि ये 830 पद पंजाब सरकार के किसी सामान्य विभाग के नहीं हैं बल्कि 298 पद मिनिस्ट्रियल स्टाफ और 532 टेक्निकल स्टाफ के पद हैं।
इन पदों में वरिष्ठ डॉक्टर से लेकर फार्मासिस्ट और क्लर्क से लेकर पुलिस कांस्टेबल तक शामिल हैं। सरकार के फैसले के मुताबिक कुल 101 कैटेगरी के पद खत्म कर दिए गए हैं, जिनमें क्लर्क के पद सबसे ज्यादा हैं, जबकि अन्य पदों की संख्या 1 से 15 तक है। पंजाब सरकार ने 31 अक्टूबर 2023 को अधिसूचना संख्या 8/27/2019-14/240 जारी की है, जिसके अनुसार कहा गया है कि ये पद लंबे समय से खाली पड़े थे और भविष्य में इन पदों को जारी नहीं रखा जाएगा। यानी अब से इन पदों पर कोई भर्ती नहीं की जाएगी।
