लुधियाना : मेडिकल स्टोर कर्मी से हथियारबंद बाइक सवार 3 लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। दातर के बल पर दवा विक्रेता से बदमाशों ने 10 हजार रुपए लूटे। बदमाशों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में ये वारदात कैद हो गई। इस मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस जांच कर रही है।
स्टोर कर्मी राजकुमार ने कहा कि वह निजी कंपनी के फार्मेसी स्टोर पर बतौर सुपरवाइजर काम करता है। उनके स्टोर पर मोनू नाम का युवक भी कार्यरत है। शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे वह स्टोर बंद करके जाने लगा था। इस दौरान एक युवक दवाई खरीदने के बहाने आया। मोनू ने स्टोर बंद कर दिया था, लेकिन फिर भी वह दुकान का शटर खोलकर उसे दवा देने लगा।
इतने में उस युवक के बाकी दो साथी भी स्टोर में दाखिल हो गए। उनमें से एक युवक ने मोनू को दातर के बल पर धमका उसे बंधक बना लिया। दूसरे ने स्टोर के गल्ले से 10 हजार रुपए निकाल लिए। बदमाशों का तीसरा साथी दुकान के बाहर रेकी कर रहा था।
बदमाशों ने गल्ले से पैसे निकालने के बाद मोनू से उसका बैग छीना लिया। उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। दातर के बल पर उसका मोबाइल झपटकर बदमाशों ने उससे पासवर्ड पूछ लिया। भागते हुए बदमाश दुकान के बाहर तेजधार हथियार लहराते हुए गए। फिलहाल इस मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपियों को लोकेट करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक लुटेरों को जल्द दबोच लिया जाएगा
