चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में सीएम भगवंत मान और विपक्ष के प्रताप सिंह बाजवा के बीच तीखी नोकझोक हुई। सत्र के दौरान प्रताप बाजवा द्वारा विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। जिस पर सीएम मान के कहा कि सोनिया गांधी के पास भ्रष्ट नेताओं की सूची पहुंची थी, लेकिन हाईकमान इसे सामने नहीं लेकर आई। उनका कहना था कि इससे पार्टी की बदनामी होगी।
सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी का अगर कोई नेता गलती करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पर बाजवा ने कहा कि पूर्व मंत्री फौजा सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इसे लेकर सीएम मान का कहना था कि जांच के बाद ही कार्रवाई की जाती है और जांच में समय लगता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है सबकी बारी आएगी।
मुख्मंत्री भगवंत मान ने कहा कि जिसने भी पंजाब का पैसा खाया है उससे पूरा हिसाब लिया जाएगा। इसके साथ ही सीएम मान ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह, बलबीर सिंह सिद्धू, मनप्रीत बादल, सुनील जाखड़ आदि ने पार्टी बदल ली है पर इसका मतलब ये नहीं कि वह बच जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब का पैसा इन्होंने खाया है तो वह जरुर जेल जाएंगे। इसके साथ ही सीएम मान ने शेयर सुनाया कि ”मेरी कमीज पर लाखों दाग हैं पर खुदा का शुक्र है कोई धब्बा नहीं है।” इस पर बाजवा ने पलटवार करते हुए कहा कि ये कमीज ही फटने वाली है।