लुधियाना : बीती रात तेज रफ्तार बस ने रिश्तेदारों के घर आए 4 वर्षीय बच्चे को बुरी तरह से कुचल दिया। बच्चे के सिर के टुकड़े हो गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक बच्चे की पहचान ऋषभ के तौर पर हुई है। परिवार का वह इकलोता बच्चा था। मां निशा देवी ने बताया कि वह ऋषि नगर ई ब्लॉक में रहते हैं। ऋषभ एक अन्य बच्चे के साथ गली में स्कूटी के पास खेल रहा था। तभी पीछे से एक तेज़ रफ्तार बस वहां से गुजरी जिसने एक्टिवा को टक्कर मारते हुए ऋषभ को नीचे गिरा दिया और उसके ऊपर से बस निकाल दी। जिससे वह बुरी तरह से कुचला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों की भीड़ और शोर-शराबा सुन बस चालक भागने लगा लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। निशा मुताबिक उसकी शादी को 7 साल हो गए है। ऋषभ को उन्होंने कई मन्नतों को मांगने के बाद पाया था। खून से लथपथ बच्चा देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। थाना हैबोवाल की पुलिस ने मौके पर पहुंची। बस व चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की। बच्चे ऋषभ का शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक के पिता संजीव कुमार के अनुसार ऋषभ उनका इकलौता बेटा था। वह मूलरूप से बिहार के जिला दरभंगा के गांव अतरबेल के रहने वाले है। वह पिछले आठ सालों से लुधियाना में रह रहे थे। अस्पताल में पुहंची मां का रोरोकर बुराहाल है। कुछ दिनों बाद ही ऋषभ का जन्मदिन था। थाना हैबोवाल के जांच अधिकारी कांस्टेबल गगनदीप सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों के बयानों पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
