अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार अवैध हथियार और नार्को-टेररिज्म हवाला रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गई बरामदगी का जिक्र करते हुए कहा गया कि अमृतसर पुलिस ने 4.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। आग्नेयास्त्रों में तीन पिस्तौल और 45 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने 7 वाहनों के साथ 2.07 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। इस संबंध में अमृतसर पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ढिल्लों ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 8 युवकों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 04 किलो हेरोइन, एक पाकिस्तान मेड पिस्तौल और एक 32 बोर पिस्तौल बरामद की गई है। वहीं पुलिस आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 7 हजार ड्रग मनी और 7 वाहन भी बरामद किए है। पुलिस ने बताया कि इन युवकों की उम्र 20 साल से 25 साल के बीच है और इन 8 युवकों में 2 युवकों पर पहले भी धारा 307 का मामला दर्ज है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ग्रुप का किंगपिन रंजीत उर्फ काका है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि वे ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन लेकर अमृतसर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे।
