अमृतसरः पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और वारिस पंजाब संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह जो फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं, पर तीसरी बार एनएसए लगा दिया गया है। इसके लेकर अब विरोध होने शुरू हो गया है। आज अकाली दल वारिस पंजाब और वारिस पंजाब संगठन ने इस फैसले के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने अमृतसर के रंजीत एवेन्यू से डीसी दफ्तर तक पैदल मार्च निकाला, जिसके बाद उन्होंने एडीसी ज्योति बाला को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि सांसद अमृतपाल सिंह पर तीसरी बार एनएसए लगाकर अनावश्यक रूप से उन्हें परेशान किया जा रहा है जिसे बर्दाश नहीं किया जाएगा।
उन्होंने डीसी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मांग की कि ऐसे कानूनों को रद्द किया जाए, जिनके कारण कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फरीदकोट से सांसद सरबजीत सिंह खालसा और अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने कहा कि आज बड़ी संख्या में सिख संगठन अमृतपाल सिंह के समर्थन में पहुंचे हैं और मांग करते हैं कि अमृतपाल सिंह पर लगाया गया एनएसए रद्द किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने पानी के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि पंजाब का पानी पंजाब के पास ही रहना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हम शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा पिछले दिन बैठक कर जेल में बंद सिखों की रिहाई के लिए किए जा रहे बड़े पैमाने पर लामबंदी का स्वागत करते हैं और उनका सर्मथन भी करते हैं।
