ऊना/सुशील पंडित : नगर पंचायत टाहलीवाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के बाद नए सिरे से चुनाव हुए। नगर पंचायत टाहलीवाल में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा की मौजूदगी में हुए चुनाव में नए अध्यक्ष प्रकाश चंद ढांगू व उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह को चुना गया। नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की नियुक्ति होने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा टाहलीवाल बाजार में आतिशवाजी की गई व लडडू बांटकर खुशी मनाई गई। नगर पंचायत टाहलीवाल पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मनोनित थे।
पहले पंचायत के चार पार्षदों ने अध्यक्ष राज कुमार व उपाध्यक्ष राज कुमारी की कार्यप्रणाली से नाखुश होकर जिलाधीश ऊना को अविश्वास प्रस्ताव दिया था। जिस पर कार्यवाही करते हुए एक सप्ताह पहले एसडीएम विशाल शर्मा की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव पास हो गया था और इसकी रिपोर्ट जिलाधीश को भेजी गई। इसमें बीजेपी पार्षद अपना पक्ष रखने में असफल रहे। जिसके उपरांत नगर पंचायत टाहलीवाल में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा की मौजूदगी में नए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। जिलाध्यक्ष कांग्रेस रणजीत सिंह राणा ने कहा कि पिछले दो सालों से नगर पंचायत टाहलीवाल में विकास के कार्य पूरी तरह से ठप्प होकर रह गए थे।अव टाहलीवाल नगर पंचायत पर भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष उपाध्यक्ष बने है। अब जबकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में है। टाहलीवाल नगर पंचायत क्षेत्र में विकास को गति प्रदान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।