बरेलीः नवाबगंज कस्बे के गुलशन नगर मोहल्ले में पुलिस ने रेड की। जहां पुलिस ने मकान में छापा मारकर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने मकान से 4 महिलाएं और एक युवक को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने मौके से 5 युवक और 5 युवतियों को हिरासत में लिया था, लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद 4 युवकों और एक युवती को छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3200 रुपये कैश, चार मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। इस कार्रवाई को लेकर नवाबगंज सर्किल अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक घर में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं।
सूचना मिलते ही उन्होंने थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव की टीम के साथ मौके पर छापा मारा। इस छापेमारी में घर के मालिक सहित कुल 5 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सीओ गौरव सिंह ने कहा कि शहरों में सेक्स रैकेट के भंडाफोड़ की खबरें अक्सर आती रहती हैं, लेकिन जब इस तरह की अवैध गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होती हैं, तो यह ज्यादा चिंता का विषय बन जाता है। इससे न केवल स्थानीय सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है, बल्कि अपराध की जड़ें गहराने लगती हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से आपत्तिजनक सामग्री, कैश और मोबाइल फोन मिले, जिनका इस्तेमाल रैकेट के संचालन में हो रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह रैकेट कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके तार कहां-कहां तक जुड़े हैं। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर अन्य सहयोगियों और ग्राहकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। इस कार्रवाई से ग्रामीण इलाके में सनसनी फैल गई।