लखीमपुरः पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका ने जिले में बेवजह हड़कंप मचा दिया। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के चलते निघासन और संपूर्णानगर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे हालात ‘पैनिक बाइंग’ जैसे बन गए। वहीं यूपी के लखीमपुर खीरी जनपद के फ्यूल स्टेशनों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। शहर से लेकर देहात तक पेट्रोल-डीजल भरवाने वालों की लंबी कतारें लग गईं। अफवाहों के बीच शहर के अलावा जिले की अलग अलग तहसीलों में आपाधापी मची हुई है।
लोग ड्रमों, डिब्बे आदि लेकर डीजल पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे हैं। हालत यह हो गए कि रात में पंपों पर पुलिस बुलाना पड़ी। लोग वहां से बिना पेट्रोल लिए जाने को तैयार ही नहीं हो रहे थे। इधर पेट्रोल पंप मालिकों ने लग रही लंबी-लंबी लाइनों को देखते हुए तय सीमा में डीजल पेट्रोल देने का फरमान जारी कर दिया गया है। किसी पेट्रोल पंप पर 200 रुपये तो कोई 500 रुपये का ही पेट्रोल दे रहे हैं वहीं कुछ पेट्रोल पंप देर रात 10 बजते ही बंद हो गए थे।
जिले में विभिन्न कंपनियों के 286 फ्यूल स्टेशन हैं। विभागीय अफसरों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद अफवाहों के चलते लोगों में जल्दबाजी देखी गई। शहर के नौरंगाबाद चौराहे स्थित एक फ्यूल स्टेशन सुबह से बंद रहा। सूत्रों के मुताबिक वहां स्टॉक खत्म हो गया था। सीतापुर रोड स्थित रिलायंस पंप, संकटा देवी चौराहे का लक्ष्मी पेट्रोल पंप, निघासन रोड, झंडी पंप (रोडवेज के पास) और एलआरपी चौराहे पर भी काफी भीड़ देखने को मिली।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाहों के बीच ईंधन भरवाने की होड़ से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निघासन रोड स्थित नायरा फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। कुछ उपभोक्ताओं के अनुसार, पेट्रोल का दाम 95 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 100.51 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल के दाम में भी करीब तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी बताई जा रही है।
