ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में सत्र 2025-26 के नवप्रवेशी प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए दो दिवसीय भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण ठाकुर ने किया। प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने अपने स्वागत भाषण में नए विद्यार्थियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उन्हें शिक्षा के इस नए चरण की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “प्रिय छात्रों, आप भाग्यशाली हैं कि आपको उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला है।

इस महाविद्यालय में आपको न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मुझे विश्वास है कि आप सभी महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। डॉ. ठाकुर ने यह भी बताया कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, नियमों एवं अवसरों की जानकारी देना है ताकि वे एक सुगम एवं सशक्त शुरुआत कर सकें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रो. अनु लखनपाल (सीनियर फैकल्टी – आर्ट्स) ने यूथ फेस्टिवल की संरचना और भागीदारी के बारे में बताया। डॉ. विनोद कुमार (एनसीसी केयर टेकर) ने एनसीसी की भूमिका और छात्रों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
प्रो. कृष्ण कुमार (स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर) ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी साझा की। प्रो. सिकंदर (एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर) ने एनएसएस की उपलब्धियों और छात्र सहभागिता के अवसरों पर प्रकाश डाला।प्रो. निकिता गुप्ता (रेंजर हेड) ने रोवर और रेंजर कार्यक्रम की कार्यप्रणाली और इसके महत्व की जानकारी दी।इस अवसर पर महाविद्यालय की उपप्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा, समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया तथा उन्हें महाविद्यालयीन जीवन की सकारात्मक शुरुआत के लिए प्रेरित किया।