नैनीतालः उतराखंड में नैनीताल हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही केमू बस यूके 04 पीए 1112 शुक्रवार खूपी के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस ने भवाली को जा रहे टैक्सी वाहन को ओवरटेक (पास) करने की कोशिश की, तभी दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक की मौत हुई और 8 बस सवार घायल हुए हैं। शव की शिनाख्त 30 वर्षीय सुनील कुमार उर्फ सोनू आयु निवासी डीडीहाट के रूप में हुई है। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स यूनियन की बस ज्योलीकोट-भवाली मांर्ग पर खुपी के पास पलट गई।
6 घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती करवाया गया, जबकि 2 को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे की वजह बस की तेज गति बताई जा रही है। स्थानीय निवासी पंकज बिष्ट का कहना है कि बस पलटने की सूचना मिलते ही वो भी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव का कार्य किया। इस दौरान उन्होंने घायलों का कहना था कि बस काफी तेज गति में थी, घायलों ने बताया कि मोड़ पर अचानक ब्रेक नहीं लगे और चालक को बस मोड़ने में मुश्किल हुई, जिससे हादसा हो गया। प्रशासन भी शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग और ब्रेक फेल को इस दुर्घटना की मुख्य वजह मान रहा है। वहीं एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलीक ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है। बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते दिनों कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन गेठिया के पास खाई में गिर गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भवाली-ज्योलीकोट मार्ग हल्द्वानी को सीधे कैंची धाम से जोड़ता है। मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता के चलते इस सड़क पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले की तुलना में अब यहां 5 गुना ज्यादा ट्रैफिक हो चुका है, लेकिन सड़क सुरक्षा के इंतजाम उसी अनुपात में नहीं बढ़ाए गए हैं।
