चंडीगढ़: नगर निगम की बुधवार को बुलाई गई 332वीं बैठक को प्रशासन ने गैरकानूनी करार दे दिया है. चंडीगढ़ नगर निगम की बजट बैठक को लेकर नगर निगम कमिश्नर को नोटिस जारी किया है. बुधवार को हुई बैठक रद्द कर दी गई थी लेकिन फिर भी बैठक हुई जिस पर प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है. इस बैठक पर बीजेपी कौसलर ने असहमति जताई जिसके चलते बैठक रद्द कर दी गई।
चंडीगढ़ः प्रशासन की स्थानीय सरकार और शहरी विकास शाखा ने इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से नोटिस में कहा गया है कि यह बैठक रद्द कर दी गई थी, फिर नगर निगम सदन में बैठक कैसे बुलाई गई। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर कुलदीप कुमार ने हाल ही में अगले वित्तीय वर्ष के लिए बजट पारित करने के लिए 6 मार्च को निगम सदन की बैठक बुलाने का फैसला किया है। इस संबंध में निगम प्रशासन ने आदेश भी जारी कर दिये हैं।
विपक्ष में बैठे बीजेपी पार्षदों ने प्रशासन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई और कहा कि बजट को सदन में पास करने से पहले नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति में चर्चा करना जरूरी है। भाजपा पार्षदों की आपत्ति के बाद नगर निगम प्रशासन ने कानूनी राय ली और फिर बुधवार की बैठक रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। इसके बावजूद मेयर कुलदीप कुमार ने बैठक कर 2500 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बैठक में बीजेपी का कोई भी पार्षद शामिल नहीं हुआ। इसके अलावा नगर निगम कमिश्नर अनिंदिता मित्रा और निगम सचिव शंभू राठी भी बैठक में मौजूद नहीं थे।