नई दिल्लीः भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को अब टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत चुके नीरज चोपड़ा का भी साथ मिला है। नीरज चोपड़ा ने कहा कि एथलीट्स को इस तरह सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग करते हुए देखना दुखद है। इससे पहले, ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा ने भी पहलवानों का समर्थन किया था। वहीं उनके समर्थन में कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू भी उतर गए है।

सिद्धू ने एक ट्वीट शेयर करते हुए उनका समर्थन किया और कहा- चौंकाने वाली बात यह है कि मान्यता की 9 महिलाओं ने शिकायत की और कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। यह भारतीय इतिहास में समय के गाल पर एक आंसू होगा कोई भी देश जो अपनी महिला आइकन का अपमान करता है, वह अपने ही गौरव को ठेस पहुँचाता है, इन महिलाओं ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने लाखों लोगों की आकांक्षाओं को पंख दिए हैं उनके स्वाभिमान को चोट पहुँचाना भारत के गौरव को चोट पहुँचा रहा है। क्या हमारे देश के बड़े-बड़े लोग कानून से ऊपर हैं? कानून को एक निवारक स्थापित करना चाहिए कि पीढ़ियों को महिलाओं का अपमान करने से पहले कांपना चाहिए, एक अच्छा उदाहरण सबसे अच्छा उपदेश है जो आप दे सकते हैं। सोमवार को उनसे मिलने जाऊंगा और उनके सत्याग्रह में शामिल होऊंगा।

वहीं नीरज चोपड़ा ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘न्याय की मांग को लेकर हमारे खिलाड़ी सड़क पर हैं, यह देखकर मुझे दुख होता है। हमारे महान देश का प्रतिनिधित्व करने और गौरवान्वित महसूस कराने के लिए इन खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है। एक देश के रूप में हम अखंडता की रक्षा और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा के लिए जिम्मेदार है, चाहे वो एथलीट हो या नहीं। जो हो रहा है, यह कभी नहीं होना चाहिए। यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इसका हल निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। न्याय सुनिश्चित कराने के लिए ऊपर बैठे लोगों को भरोसा दिलाना चाहिए।’