फिरोजपुर: राखी से ठीक पहले फिरोजपुर जिले के मल्लावाला कस्बे में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह और राजवीर कौर के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के इकलौते सहारे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिए है।
ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ :- ਫਿਰੋਜ਼ਪੁਰ ‘ਚ ਭਿਆਨਕ ਹਾਦਸਾ: ਰੱਖੜੀ ਤੋਂ ਪਹਿਲਾਂ ਇਕਲੌਤੇ ਭਰਾ ਅਤੇ ਭੈਣ ਦੀ ਮੌਤ
मिली जानकारी के अनुसार गुरविंदर की मां बठिंडा के अस्पताल में भर्ती थी। दोनों भाई-बहन उसे देखने के बाद अस्पताल से गांव लौट रहे थे कि रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक मृतक लड़का अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के बाद जब थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो गुस्से से भरे परिजनों ने कार चालक पर नशा तस्कर होने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर परिवार और पुलिस के बीच जमकर बहस हुई।
स्थिति उस समय ज्यादा बिगड़ गई जब परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक तू-तू, मैं-मैं के बाद थाना प्रभारी ने परिवार को शांत कराने के लिए अपने बेटे की कसम खानी पड़ी और सख्त कार्रवाई का भरोसा देना पड़ा। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए एएसआई करनैल सिंह ने बताया कि कार चालक की पहचान कर ली गई है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस कार्रवाई कर रही है।