होशियारपुर: विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने 15 वर्षों से टलते आ रहे बूथगढ़ चोआ पर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। यह पुल 2.35 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा, जिससे इलाके के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक जिंपा ने कहा कि इस पुल की मांग पिछले डेढ़ दशक से हो रही थी, लेकिन पिछली सरकारों ने इस पर कभी ध्यान नहीं दिया। सरकारों ने केवल वादे किए, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस वादे को हकीकत में बदल दिया।
उन्होंने बताया कि यह पुल 108 संत तुलसीनाथ महाराज की याद में बनाया जा रहा है। पुल बनने से न केवल बूथगढ़ गांव को लाभ होगा, बल्कि छावणी कला, ढोलनवाल, बिलासपुर, बोहन, पट्टी, चगढ़ां, कैंप, किला बरूण, नोग्राम, चब्बेवाल आदि सहित कुल 15 आसपास के गांवों के लोगों को भी सीधे लाभ मिलेगा। आवागमन सुगम होने से इलाके के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास को भी गति मिलेगी। पुल से जुड़ी सड़कों की भी तुरंत मरम्मत करवाई जाएगी ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विधायक जिंपा का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है और यह इलाका वासियो के लिए बड़ी राहत है। बारिश के दौरान यहां आवागमन मुश्किल हो जाता था।