नागौरः राजस्थान के नागौर में बदमाशों द्वारा यूको बैंक के एटीएम को लूटने की कोशिश की गई। दरअसल, गैस कटर लेकर घुसे बदमाशों की हरकत हेड ऑफिस के ई-सर्विलांस सिस्टम में तुरंत कैद हो गई। अलर्ट मिलते ही बैंक मैनेजर सारिका चौधरी 5 मिनट में मौके पर पहुंचीं और बाहर से शटर गिरा दिया। दरअसल, बैंक में ही लगे एटीएम को लूटने के इरादे से चोर यहां पहुंचे थे। लेकिन ई-सर्विलांस सिस्टम की वजह से महिला बैंक मैनेजर को तुरंत मैसेज मिल गया। ऐसे में ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंची, उन्होंने देखा कि आरोपी गैस कटर समेत अन्य औजारों के साथ एटीएम लूटने के लिए बूथ के अंदर घुसे थे। उन्होंने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए शटर को बाहर से बंद कर दिया। जिससे चोर अंदर ही फंसकर रह गए और उन्हें भागने का कोई मौका नहीं मिला। महिला मैनेजर ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी और चोरों को पकड़वा दिया।
घटना मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के नागौर रोड पर स्थित यूको बैंक के एटीएम की देर रात करीब 2 बजे की है। जहां बैंक में लगे एटीएम को लूटने की कोशिश हुई थी। ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने बताया बैंकों की 3 दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी। ऐसे में बैंक के एटीएम में कैश डाला गया था। एटीएम में 16 लाख 900 रुपए थे। रात को 2 बजकर 4 मिनट पर बैंक के अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस से एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। उन्होंने तुरंत मुझे जानकारी दी की कुछ गड़बड़ हो रहा है। महिला अपने परिवार के साथ बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में ही रहती हूं। सूचना मिलते ही मैं पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंचीं। देखा तो शटर नीचे था और अंदर कुछ हलचल थी।
महिला मैनेजर ने तुरंत शटर को बंद कर दिया। उन्होंने बताया मैंने तुरंत शटर को बाहर से लॉक किया और पुलिस को सूचना दी। 8 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों के पास गैस कटर, पेचकस जैसे उपकरण का बैग था और एटीएम को ऊपर से खोल रखा था। आरोपियों ने एटीएम का अपर कवर तोड़ दिया था। सीसीटीवी कैमरों पर ग्रीस लगाने के साथ कनेक्टिविटी वायर भी काट दिए, लेकिन वे कैश डोर नहीं काट पाए थे।
थाना प्रभारी पूरबाराम ने बताया पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके नाम भरत प्रजापत और कोमल कुमार राजपूत हैं, दोनों बिहार के रहने वाले हैं। इन्होंने ही एटीएम लूटने का प्लान बनाया था। भरत प्रजापत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसके यहां काम करता है। दोनों एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर आए थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस को रात 2 बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली थी। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है।