छत्तीसगढ़ : अंबिकापुर में आकाशवाणी चौक के पास चोपड़ापारा स्थित स्पोर्ट्स सेंटर और राधेकृष्णा होटल में लगी आग पर साढ़े चार घंटे बाद काबू पा लिया गया है। हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने में 1 से दो घंटे और लग सकते हैं। स्पोर्ट्स सेंटर का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। वहीं होटल की तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल भी पूरी तरह जल गई है। आग सोमवार सुबह करीब 9 बजे लगी थी। जिसके बाद सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। हादसे में करीब 3 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने स्पोर्ट्स सेंटर और होटल की पांचों मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया था। फायर ब्रिगेड गाड़ियों के पानी का फोर्स ज्यादा नहीं होने के कारण पानी पांचवीं मंजिल तक ले जाने में काफी दिक्कत हुई। जानकारी के मुताबिक चोपड़ापारा में जैन मंदिर के पीछे संचालित संजय सिंह के स्पोर्ट्स सेंटर और राधेकृष्णा होटल में सोमवार सुबह करीब 9 बजे आग लगी। होटल और स्पोर्ट्स सेंटर के ठीक सामने से गुजरे बिजली के तार टूट गए। शॉर्ट सर्किट से आग फैली और स्पोर्ट्स सेंटर तक फैल गई।
दुकान में रखे स्पोर्ट्स के प्लास्टिक, रबर और लकड़ी का सामान आग के दायरे में आ गया। इसके बाद आग भयावह हो गई। हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीमें जब तक पहुंचीं, तब तक आग स्पोर्ट्स सेंटर से बगल में स्थित राधेकृष्णा होटल में भी फैल गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों में पानी का फोर्स नहीं होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आखिरकार साढ़े 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।