पंचकूलाः पंचकूला के सेक्टर-21 से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर उनकी ही नौकरानी ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर की छत पर छिपा दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला के घर से ज्वेलरी गायब होने के बाद नौकरानी से पूछताछ की गई थी। इसी बात से नाराज होकर नौकरानी ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को घर की छत पर छिपा दिया गया। करीब तीन दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छत से शव बरामद किया और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने नौकरानी, उसके पति और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जा रहा है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक महिला की पहचान नीरा मेहता के रूप में हुई है, जो पंचकूला के सेक्टर 21 के 366 नंबर में अपनी पति के साथ रह रही थी, जिनके तीन बच्चे विदेश में रह रहे है। नौकरानी मकान नंबर 483 में रह रहे थे, जो वह केयर टेकर का भी काम करते थे और 483 में ही हत्या करके बुजुर्ग महिला का शव तीसरी मंजिल पर छुपा दिया गया था।