जालंधर, वरुण/हर्ष: पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड गोराया में तैनात कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ हेरोइन की सप्लाई करने निकला तो गोराया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ कपूरथला जेल में बंद कुख्यात तस्कर अमनदीप कुमार उर्फ रिंकू की पत्नी भी गिरफ्तार की गई है।
आरोपियों के पास से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है आरोपियों की पहचान गोराया के लांगड़िया मोहल्ला निवासी पावरकाम कर्मी सुखविंदर कुमार उर्फ सुक्खा बैंस, उसकी पत्नी अंजलि और महिला साथी मीना रानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना गोराया के प्रभारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने गोराया मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की थी, जहां से तीनों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सुखविंदर कई वर्षों से हेरोइन के धंधे से जुड़ा हुआ है। 3 साल से वह पावरकाम में तैनात है। उसके साथ उसकी पत्नी अंजलि भी हेरोइन सप्लाई करती थी। मीना कुमारी पति के जेल जाने के बाद सुखविंदर से हेरोइन लेकर अपने पुराने ग्राहकों को सप्लाई करती थी। पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी कि वो कहां से नशा लाते थे।
