जालंधर, ENS: पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के नेतृत्व में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके हत्या के मामले की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मामूली विवाद को लेकर व्यक्ति की हत्या कर की गई थी। आरोपी की पहचान बालेश्वर राय पुत्र बिमल राय निवासी गांव गोपालपुर, बिहार के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा ने बताया कि मृतक चंचल कुमार पुत्र बागेश्वर राय मूल निवासी गांव गोपालपुर, बिहार का रहने वाला था।
चंचल की कुछ दिन पहले सिर में चोट लगने से मौत हो गयी थी। जांच करने पर पुलिस को पता चला कि चंचल कुमार और बालेश्वर राय जालंधर के कोट कलां में किराए पर रह रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 5 जनवरी 2024 की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
इस दौरान बालेश्वर राय द्वारा चंचल कुमार को गाली देने के बाद विवाद बढ़ गया और उनके बीच मारपीट हो गई। उन्होंने बताया कि झगड़े के दौरान बालेश्वर राय ने चंचल राय के सिर पर लकड़ी से वार कर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि चंचल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 302 के तहत एफआईआर 06 दिनांक 18-01-2024 पुलिस स्टेशन कैंट जालंधर में दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
