जालंधर, ENS: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट तेज होते ही राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। इसी कड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान के दिशा-निर्देशों पर पार्टी ने पंजाब में अपना आधार मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार अमर सिंह महिमी और राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिक के बीच नई दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जिसने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव ने पंजाब प्रधान को बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के राज्य में ‘पंजाब फर्स्ट, पंजाबी फर्स्ट’ के विजन को लेकर पूरी लगन से काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
लोजपा (रामविलास) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार अमर सिंह महिमी ने कहा कि राज्य की जनता पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राम विलास पासवान द्वारा अपने विभिन्न मंत्रालयों में रहते हुए किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों से बेहद प्रभावित है। यही वजह है कि इस बार पंजाब के लोग लोजपा (रामविलास) की सरकार बनाने के लिए आतुर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशों का पालन करते हुए बिना किसी गठबंधन के पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।
पार्टी के लीगल सेल पंजाब की अध्यक्ष एडवोकेट मैडम खुशबू मिश्रा ने बताया कि सरदार अमर सिंह महिमी की योग्य अगुवाई में पंजाब में संगठन रोजाना मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिक के दिशा-निर्देशों के तहत जल्द ही पंजाब में एक विशाल रैली/इजालास का आयोजन किया जा रहा है, जो विरोधी राजनीतिक दलों की नींद उड़ा देगा। चुनाव रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सभी जिला अध्यक्षों और मुख्य निकाय के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक बुलाई जा रही है।
पंजाब में अमर सिंह महिमी को पार्टी की कमान सौंपे जाने से संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस मौके पर लुधियाना से महिंदर सिंह मेहमी, उप-प्रधान एससी/एसटी विंग पंजाब के सीनियर मीडिया इंचार्ज चौधरी राजेश कुमार गहिरवाला, जिला प्रधान बठिंडा सहित विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।