जालंधर, ENS: शाहकोट पुलिस ने गांव कागणा में युवक की हत्या के मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ओंकार सिंह बराड़, ने बताया कि आकाशदीप सिंह उर्फ राजा पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव कागणा थाना शाहकोट ने शिकायत दर्ज करवाई कि दिनांक 28 जुलाई को उनके गांव कागणा में माता रानी का जागरण था। इस दौरान वह भाई करणदीप उर्फ नंदू और ताए के लड़के अर्शदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी कागणा के साथ जागरण में लंगर सेवा कर रहे थे।
दिनांक 29 जुलाई को लगभग सुबह 05:30 बजे उनके भाई करणदीप उर्फ नंदू जब अपना मोटरसाइकिल स्टेज के पास लेने गया, तब अभिषेक घारू उर्फ अभि मुसल्ला दातर, गुरप्रीत सिंह उर्फ कालू मुसल्ला दातर, अनमोलप्रीत सिंह मुसल्ला, विशाल सिंह उर्फ भोला मुसल्ला दातर ने करणदीप उर्फ नंदू को मारने की नीयत से उसे पीटा और तेजधार हथियार से घायल कर दिया। करणदीप उर्फ नंदू का सत्यम अस्पताल जालंधर में इलाज के दौरान दिनांक 6 अगस्त को मौत हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पता चला कि घटना जागरण के दौरान मामूली विवाद को लेकर हुई थी। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ कालू पुत्र भूपिंदर सिंह निवासी कागणा थाना शाहकोट, विशाल सिंह उर्फ भोला पुत्र रौंकी राम निवासी ईसेवाल थाना शाहकोट जिला जालंधर, आरोपी अभिषेक घारू उर्फ अभि उर्फ कीड़ा पुत्र परमजीत, अनमोलप्रीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह निवासी कागणा थाना शाहकोट जिला जालंधर, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किए गए हथियार 3 दातर, 1 कसी का दस्ता बरामद किए गए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश करके 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है।