जालंधर, ENS: शहर में लूट की वारदातों का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन तेजधार हथियारों से लैस होकर लुटेरे वारदातों को अंजाम दे रहे है। रोजाना बढ़ रही लूट की घटनाओं से लोगों के मनों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे लग रहा है कि मानों लुटेरों के मन में पुलिस का खौफ ही खत्म हो गया है। वहीं ताजा मामला थाना 4 के अधीन आते डॉक्टर बी अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) के पास अजित नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर से सामने आया है, जहां देर रात एक्टिवा सवार व्यक्ति से लुटेरों द्वारा लूट की कोशिश की गई।
इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब के बाहर खड़ा था और वह एक्टिवा में सामान रखता है, तभी वहां से 2 बाइक सवार गुजरते है। इस दौरान व्यक्ति एक्टिवा लॉक करके गुरुद्वारा साहिब में जाने लगता है, तो बाइक सवार वापिस आ जाते है और बुजुर्ग व्यक्ति को आवाज देकर रोक लेते है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक सवार तेजधार हथियार लेकर बुजुर्ग व्यक्ति के पास जाता है और हाथापाई करके लुटने की कोशिश करता है, लेकिन बुजुर्ग ने गुरुद्वारा साहिब में घुसकर अपनी जान बचाई और लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। जिसके बाद बाइक सवार दोनों लुटेरे मौके से फरार हो गए। वहीं घटना को लेकर थाना 4 के प्रभारी से बात की गई तो थाना प्रभारी ने कहाकि व्यक्ति ने शिकायत दे दी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि व्यक्ति से लूट की कोशिश की गई थी, लेकिन वारदात को अंजाम देने में लुटेरे नाकाम रहे।
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय कुछ सेवादार गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे थे। एक बुजुर्ग अपना स्कूटर खड़ा कर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का मारकर अंदर घुसने का प्रयास किया। बुजुर्ग ने उनका विरोध करते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर सेवा कर रही संगत नीचे पहुंची तो दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
हरजोत सिंह लक्की ने आशंका जताई कि दोनों युवक गुरुद्वारा साहिब में लूट की वारदात को अंजाम देने या बेअदबी की नीयत से दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे। प्रबंधक कमेटी की ओर से संबंधित पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई गई है। लक्की के अनुसार पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के भीतर पकड़ने का भरोसा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो सिंह सभाओं और विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सदस्यों के साथ बैठक कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।