जालंधर, ENS: अकाउंट ऑफिस रेलवे कॉलोनी के बाहर देर रात सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां कार चालक ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में कार और ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं घटना के दौरान भारी हंगामा उस समय देखने को मिला, जब कार चालक ने टक्कर मारने के बाद खुद को पूर्व डीएसपी बताते हुए रौब दिखाना शुरू कर दिया। कार चालक नशे में धुत्त था। घटना को लेकर ऑटो चालक द्वारा पूर्व पुलिस कर्मी की वीडियो भी बनाई गई।
वीडियो में देखा जा सकता है कि पूर्व पुलिस कर्मी से कुछ बोला भी नहीं जा रहा था। जिसके बाद घटना की सूचना पूर्व पुलिस कर्मी ने बेटे को दी। घटना स्थल पर बेटे ने आकर लोगों को शांत करवाया। वहीं काफी हंगामा होने के बाद पूर्व पुलिस कर्मी भी गाड़ी में शांत होकर बैठ गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना थाना बारादरी की पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस पूर्व पुलिस कर्मी का मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान भाजपा जिला महामंत्री अमरजीत गोल्डी स्टाफ के लड़के को तेज बारिश के चलते घर छोड़ने जा रहे थे।
इस दौरान गलत दिशा से आ रही तेज रफ़्तार सफेद रंग की आल्टो में आए शराबी हालात में कर्मी ने थ्री व्हीलर को ज़ोरदार टक्कर मार दी।