पुलिस कर सकती है खुलासा
जालंधर, ENS: लैदर काम्पलैक्स में गंदे नाले के किनारे बुधवार को 17 वर्षीय युवक का शव मिला है। थाना बस्ती बावाखेल की पुलिस ने 5 आरोपियों राहुल मल्ली, लक्की, साहिल, हनी तथा अनुराग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी अनुराग को काबू कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता विमलेश कुमार निवासी राजन नगर बस्ती पीरदाद ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अंकुल की दोस्ती क्षेत्र में रहती एक युवती के साथ थी।
वहीं इस मामले को लेकर आज पुलिस प्रेस वार्ता करके खुलासा कर सकती है। दरअसल, मंगलवार को करीब 6:30 बजे उनके बेटे को राहुल मल्ली, लक्की, साहिल, हनी तथा अनुराग बुलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद से ही उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। बस्ती बावा खेल पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। बुधवार तड़कसार करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लैदर काम्पलैक्स रोड पर गंदे नाले के किनारे खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौका-ए-वारदात से लेकर लैदर काम्प्लैक्स और बस्ती पीरदाद स्थित राजन नगर तक के कैमरे खंगाले गए जिसमें मुंह ढके 4 युवक अंकुल को लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने देर शाम एक आरोपी अनुराग को काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों की मानें तो पुलिस ने हत्यारों की पहचान कर ली है इनमें से कुछ युवकों को राऊंडअप भी किया गया है लेकिन पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे। वहीं थाना बस्ती बावाखेल के प्रभारी इंस्पैक्टर राजेश ठाकुर ने बताया कि मृतक अंकुल की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है।
