कांगड़ाः हिमाचल में लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड के कारण लोगों के जन-जीवन पर भारी असर देखने को मिला। वहीं एक और लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद पड़ी है। दूसरी ओर पौंग बांध से छोड़ा गया पानी आफत बनता हुआ दिखाई दे रहा है। जिसके चलते जिला कांगड़ा के मंड क्षेत्र के मंड भोग्रवां गांव में बहुमंजिला भवन का हिस्सा टूटकर पानी में समा गया। इस घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि बहुमंजिला भवन का हिस्सा पानी में समा गया। दूसरी ओर पंडोह में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर किरतपुर–मनाली फोरलेन की रफ्तार रोक दी है। मंडी से थलोट तक का मार्ग शनिवार सुबह से पूरी तरह बाधित हो गया है।
Kiratpur-Manali Highway बंद होन से रास्ते में फंसे सैकड़ों वाहन, गिरी इमारत, देखें वीडियो pic.twitter.com/FCVRdgJPh6
— Encounter India (@Encounter_India) August 16, 2025
कई स्थानों पर पहाड़ों से भारी मलबा व पत्थर सड़क पर गिरने से सैकड़ों वाहन फंस गए हैं और लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे अधिक प्रभावित स्थानों में 9 मील, जागर नाला, पंडोह डैम के पास कैंची मोड़, दयोड़, जोगणी माता मंदिर और दवाड़ा फ्लाईओवर शामिल हैं। यहां भूस्खलन और नालों का पानी सड़क पर आने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। 14 अगस्त की रात को भारी बारिश के चलते पंडोह डेम से आगे कैंची मोड़ और जोगणी मोड़ के पास भारी भूस्खलन हुआ था।
रातभर रास्ता बंद रहा और सुरक्षा कारणों से मलबा हटाने का काम शुरू नहीं किया जा सका। 15 अगस्त की सुबह 5 बजे से कार्य शुरू हुआ और करीब 9 बजे किरतपुर–मनाली फोरलेन बहाल हो पाई। लगभग 14 घंटे बाद इस मार्ग से गाड़ियां गुजर सकीं। 15 अगस्त की दोपहर औट सुरंग के पास एक जीप और ट्रक की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें जीप सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद मार्ग करीब एक घंटे तक बंद रहा। जाम की स्थिति इतनी भयावह थी कि मंडी से औट पहुंचने में वाहनों को लगभग 5 घंटे का समय लग गया।
16 अगस्त सुबह 5 बजे से लगातार हो रही बारिश के चलते एक बार फिर मंडी–कुल्लू मार्ग पर किरतपुर–मनाली फोरलेन बंद हो गई है। फिलहाल बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है क्योकि गीले मौसम में मलबा हटाना जोखिम भरा माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बारिश थमने के बाद ही राहत कार्य शुरू किया जा सकेगा। बारिश और भूस्खलन के चलते सैकड़ों यात्री और वाहन फंसे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें और फिलहाल अनावश्यक यात्रा से बचें।