राजस्थान: भारत के कई हिस्सोंं में आसमान से बरस रही आग ने सीमा पर सुरक्षा कर रहे जवान की जान ले ली है। राजस्थान में भारत पाकिस्तान सीमा इस वक्त जानलेवा गर्मी की भट्टी बन चुकी है। इस समय यहां का तापमान 53 डिग्री के पार पहुंच चुका है। वहीं, बॉर्डर पर जैसलमेर जिले में बीएसएफ के एक जवान की मौत भी हो गई। आईएमडी के जानकारी के अनुसार राजस्थान में सबसे गर्म शहर फलौदी बना हुआ है। वहीं तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच गया है। लेकिन बॉर्डर पर रेगिस्तानी धोरे आग उगल रहे हैं। फलौदी फिलहाल एशिया में गर्मी का टॉचर सेंटर बना हुआ है।
भीषण गर्मी में भी जवानों के हौंसले बुलंद
भीषण गर्मी के बावजूद सीमा पर तैनात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों का हौसला इतना बुलंद है कि वे तन को जला देने वाली गर्मी में भी तपती रेत में पैदल और ऊंटों पर गश्त कर रहे हैं। हालांकि जवानों को बचाव के लिए कूलिंग जैकेट दिए गए। लेकिन ये तमाम उपाय भी फेल साबित हो रहे हैं।
तपती मिट्टी कुछ ही सैकेंडों में पक रहा है आमलेट
भारत-पाक बॉर्डर पर गर्मी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वहां जवान तपती मिट्टी पर कुछ ही सैकेंड में आमलेट पका रहे हैं। कार की बोनट पर रोटियां सेक रहे हैं। रेत में पापड़ तो पलक झपकते ही सिक रहे हैं। बॉर्डर पर रेत के धोरे आग की भट्टी बन चुके हैं। डिजिटल तापमापी यंत्र में तापमान 53 डिग्री के पार जा चुका। तन को झुलसा जला देने वाली गर्मी और गर्म हवा लू के थपेड़ों के बीच बीएसएफ के जवान देश की रक्षा के जज्बे के साथ बॉर्डर पर पूरी शिद्दत से बिना थके और बिना रुके गश्त कर रहे हैं। जवानों को कूलिंग जैकेट और डिहाईड्रेशन किट दिए गए. उनके लिए पीने के पानी के भी खास इंताजम किए गए हैं। फिर भी इस जानलेवा गर्मी ने बॉर्डर पर बीएसएफ के जवान अजय कुमार की जान ले ली।