पंचकूला:पंचकूला में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम यूनिट्स 7 चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार किए गए 7 चोरों में से 5 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से लाखों रुपये की ज्वैलरी, नगदी और अन्य कीमती सामान बरामद किया है।
दरअसल, पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार अजीत पुत्र मोलू राम ने बताया कि मनसा देवी में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार सहित गांव गए हुआ था। इसी दौरान 1 अप्रैल को उनके पड़ोसी से उन्हें सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर से कैश, ज्वैलरी, मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका था।
इस मामले में थाना सेक्टर-5 में मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। इसके अतिरिक्त 30 अप्रैल को भी सेक्टर-12 पंचकूला में एक अन्य चोरी की वारदात सामने आई, जहां नोएडा गए एक व्यक्ति के घर से भी अज्ञात युवकों ने लाखों का सामान चोरी कर लिया था। इसी तरह सेक्टर-21 पंचकूला में भी अप्रैल व मई माह में 2 और चोरी की घटनाएं हुई थीं। अब तक की जांच में पुलिस ने 4 चोरी के मामलों का खुलासा किया है, जिनमें से 2 वारदातें सेक्टर-12 में और 2 सेक्टर-21 में हुई थीं। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राकेश के खिलाफ पहले भी पंचकूला में वर्ष 2022 में चोरी का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ जीरकपुर में हत्या का मामला भी दर्ज है और उत्तर प्रदेश में भी चोरी के 2 मामले दर्ज पाए गए हैं।
वहीं डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज एसआई युद्धवीर सिंह की टीम ने मुख्य आरोपी राकेश उर्फ लम्बू पुत्र दयाराम निवासी जिला संभल, उत्तर प्रदेश (हाल निवासी सैनी विहार फेस-1 बलटाना, पंजाब, उम्र 19 वर्ष) और सुनील उर्फ बटेर पुत्र प्रेम पाल निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश (हाल निवासी त्रिवेणी कैंप, मुबारकपुर डेराबस्सी, पंजाब, उम्र 20 वर्ष) को पंचकूला सेक्टर-20 स्थित शमशान घाट के पास से गिरफ्तार किया। दोनों को 25 मई को अदालत में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था।
इसके बाद पुलिस ने 29 मई को 2 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया, जिन्हें उसी दिन जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर ऑब्जर्वेशन होम अंबाला भेज दिया गया। वहीं 31 मई को भी 3 अन्य नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया। इन तीनों को भी आज ऑब्जर्वेशन होम अंबाला भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी राकेश और सुनील को भी आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इन आरोपियों से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसमें लक्ष्मी व गणेश जी की चांदी की मूर्तियां, सोना-चांदी के आभूषण व बर्तन, 2 मोबाइल फोन (वन प्लस व एप्पल 15 प्रो), एक एलईडी , कुछ घरेलु सामान व करीब दो लाख रुपये की नकदी शामिल है। साथ ही पुलिस ने चोरी की वारदात मे प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी पहले दिन में रैकी करते थे और फिर मौका देखकर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था और एक संगठित रूप में विभिन्न इलाकों में चोरी करता था। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और संभावना है कि इनसे अन्य चोरी के मामलों की भी कड़ियां जुड़ सकती हैं और आगे और बरामदगी हो सकती है।