दुर्गन्ध से ग्राम वासियों का जीना हुआ मुश्किल
ऊना/सुशील पंडित: पंडोगा में रिहायशी इलाके के निकट लगे कूड़े के ढेर से पूरे गांव में दुर्गंध फैल चुकी है। इससे गांव में शांति से रहना मुश्किल होता जा रहा है। ग्राम पंचायत पंडोगा में एक पुल के नीचे ही लोग महीनों से कचरा फेंकने लग गए हैं। गांव में कचरे के निपटारे का कोई भी बंदोबस्त न होने के चलते खुले में कचरा फेंका जा रहा है। गांव के ही कुछ पीड़ित लोगों ने शनिवार को एकजुट होकर मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं। गुरबक्श सिंह, बलबीर सिंह व सुरजीत सिंह ने बताया कि वार्ड नं 12 में घरों के पास ही पुल के नीचे गांव वाले गंदगी फैला रहे हैं। रसोई के सामान से लेकर हर प्रकार का गंदा कचरा पुल के नीचे जमा होने से वहां दुर्गंध फैल रही है। कचरे से ज्यादा दुर्गंध तब फैलती है जब बारिश में यह गीला हो जाता है। कुत्ते और बेसहारा मवेशी भी इस कचरे में भोजन ढूंढने के लिए यहां जमा हो जाते हैं। इस गंदगी से गांव में महामारी फैलने का खतरा मंडराने लगा है। अगर भविष्य में लोग बीमार होते हैं तो इसका दायित्व प्रशासन का होगा।