ऊना,सुशील पंडित: स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गणेश चतुर्थी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई।
भगवान गणेश जी के विद्यालय आगमन पर पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” और “मंगल मूर्ति मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। ढोल की थाप पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए भगवान गणेश जी का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया। विद्यार्थियों में इस अवसर को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
विद्यालय के प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एकजुट होकर भगवान गणेश जी का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भगवान श्री गणेश को बुद्धि, विवेक, ज्ञान एवं शुभता का प्रतीक माना जाता है तथा वे विघ्नहर्ता के रूप में पूजनीय हैं। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिवार ने भगवान गणेश जी से प्रार्थना की कि वे सभी विद्यार्थियों को बुद्धि, ज्ञान, विवेक और सफलता का आशीर्वाद प्रदान करें तथा उनके जीवन में आने वाली सभी बाधाओं को दूर कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करें।
गणेश चतुर्थी का यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक सुंदर पहल रहा। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।