बेगूसरायः शहर में बीती देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों में उसकी शादी थी। घटना एनएच 333-बी पर साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के पास की है।
जानकारी मुताबिक, मृतक की पहचान रघुनाथपुर करारी पंचायत के वार्ड नंबर-9 निवासी पंकज यादव के पुत्र अमृत कुमार उर्फ प्रिंस (20) के तौर पर हुई है। ग्रामीणों के अनुसार 20 फरवरी को प्रिंस कुमार की शादी होने वाली थी। कुछ दिन पहले ही उसका तिलक शगुन का रस्म पूरा हुआ था। घर में शादी की तैयारी चल रही थी।
शनिवार की देर शाम प्रिंस अपनी नई बाइक से हीरा टोल जीरोमाइल की ओर जा रहा। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग इलाज के लिए बेगूसराय लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।