पार्थिव शव लेकर एयरपोर्ट पहुंचा परिवार, उमड़ी भीड़
राजकोटः अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में 241 लोगों को मौत हो गई थी। इस विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी मौजूद थे और उनका भी हादसे में निधन हो गया। पूर्व सीएम विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। अब से थोड़ी देर में उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। अहमदाबाद में उनकी फैमिली को विजय रूपाणी का शव सौंपा गया।
इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 12 जून 2025 को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन जाने के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई थी।
गुजरात के पूर्व सीएम रूपाणी भी इसी विमान में सवार थे। रविवार को गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि विजय रूपाणी के डीएनए का मिलान सुबह 11:10 बजे हो गया और उनके परिवार को इसकी जानकारी दे दी गई है। पूर्व सीएम के अंतिम दर्शन में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है, इसलिए सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है।