अलीगढ़ः यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। जिसमें एक महिला समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, एक्सप्रेस-वे पर हादसे के बाद एक कार में 3 लोग फंस गए थे। इसी दौरान 4 युवक उन्हें गाड़ी से निकालने लगे। तभी पीछे से आ रही वोल्वो बस ने सभी को रौंद दिया। हादसे में तीन युवक और गाड़ी में फंसी एक महिला की मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब 4:10 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 56 पर आगरा से नोएडा जा रही एक कार अज्ञात कारणों से हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद कार में सवार एक महिला, एक पुरुष और एक मासूम बच्चा बुरी तरह चीख रहे थे। वो तीनों घायल अवस्था में कार में बुरी तरह फंसे हुए थे।
उसी दौरान जेवर एयरपोर्ट पर नौकरी करने जा रहे नौहझील के गांव अवाखेड़ा निवासी पुष्पेन्द्र चौधरी ( 27 वर्ष) पुत्र सुग्रीव सिंह, पुष्पेन्द्र चौधरी (28 वर्ष) पुत्र भाव सिंह निवासी अवाखेड़ा और प्रवीन उर्फ पवन (26 वर्ष) पुत्र मुकेश चौधरी व धर्मवीर पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी बाघई (कटैलिया) वहां से गुजर रहे थे। कार सवारों की चीख पुकार सुनकर चारों युवक रुक गए और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने लगे। धर्मवीर ने कार में से एक मासूम बच्ची को बाहर निकाल लिया। पुष्पेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र चौधरी और पवन चौधरी कार में फंसी महिला को बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही वॉल्वो बस ने कार समेत युवकों को रौंद दिया।
हादसे में कार में पहले से सवार एक महिला के साथ तीनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। कार में सवार महिला, और कार चालक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। टप्पल थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात शुरू कराया जा रहा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। धर्मवीर ने कार में रो रही एक मासूम बच्ची को बाहर निकाल लिया और उसे लेकर धर्मवीर फुटपाथ पर आ गया। तीन युवक कार में फंसी महिला को निकालने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक पीछे से वॉल्वो बस ने रौंद दिया। इस हादसे में कार सवार महिला पुरुष के साथ इन तीनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मासूम बच्ची और युवक धर्मवीर बच गए।