आस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे को गांववालों ने दी सूचना
होशियारपुरः शहर के गांव भाम में करीब 99 साल की बुजुर्ग महिला की गांव के ही व्यक्ति द्वारा हत्या करने का मामला सामने आया है। बीती रात उनका शव घर के अंदर एक बक्से में बरामद हुआ। जैसे ही गांव वालों को इसकी जानकारी मिली, वैसे ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी को काबू कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदि है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी देते सुरजीत कौर ने बताया कि मृतक महिला जोगिंदर कौर उनकी दूर की रिश्तेदार थी जो घर पर अकेली रहती थी। उनका बेटा आस्ट्रेलिया में रहता है। उन्हें बीते दिन दूध वाले ने बताया कि माता जी दरवाजा नहीं खोल रही हैं, आप आकर देखें। जब मौके पर जाकर देखा तो महिला घर पर नहीं थी जिसके बाद उनके बेटे को सूचना दी गई। उनके बेटे ने बताया कि उनकी माता घर में ही हैं, उसने सीसीटीवी कैमरे में देख लिया है जिसमें गांव का युवक बाहर जाता दिख रहा है, लेकिन मां बाहर नहीं आई है जिसके बाद घर की अच्छे से जांच की गई तो घर की पेटी से उनका शव बरामद हुआ जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की जिसके बाद गांव के ही युवक को काबू किया गया, जो नशे का आदि है।
वहीं, पंचायत सदस्य बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कई घरों में बुजुर्ग अकेले रहते हैं और ऐसे में इस तरह की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस को मामले में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए, ताकि कोई ओर ऐसी घटना को अंजाम न दे सके।