नई दिल्ली : अमेरिका के हवाई में एक हवाई अड्डे पर उतरने के बाद यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान के व्हील वेल में एक व्यक्ति मृत पाया गया। यह जानकारी एयरलाइंस ने दी। विमानन कंपनी ने बयान में बताया कि माउई के काहुलुई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर, यूनाइटेड विमान के मुख्य लैंडिंग गियर में से एक के व्हील वेल (व्हील वेल विमान के नीचे की ओर बनी खाली जगह होती जिसमें पहिए उड़ान भरने के बाद बंद होकर पहुंचते हैं) में एक शव पाया गया।
कंपनी ने कहा कि वह जांच में कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह व्यक्ति व्हील वेल तक कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि व्हील वेल तक केवल विमान के बाहर से ही पहुंचा जा सकता था।
बताया जा रहा है कि शव शिकागो के ओ’हारे हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले बोइंग 787-10 विमान में मिला है। यह शव उस डिब्बे में था जिसमें विमान का लैंडिंग गियर रखा हुआ था। जानकारी के अनुसार माउई पुलिस विभाग मृत व्यक्ति के संबंध में जांच कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य है और इस घटना से ज्यादा कुछ प्रभावित नहीं हुआ है।
